रायगढ़। शहर में वाहन चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। कोतवाली थाना क्षेत्र के दोरागा पारा स्थित मस्ता गली में अज्ञात चोरों ने रात के अंधेरे में घर के बाहर खड़ी कार के दो पहिए चोरी कर लिए। सुबह जब वाहन मालिक ने कार देखी तो आगे और पीछे का एक-एक पहिया गायब मिला।
पीड़ित कपिलेश मिश्रा (32), जो कपिल ग्राफिक्स प्रिंटिंग प्रेस का संचालन करते हैं, ने बताया कि वे रोज़ की तरह रविवार रात अपनी स्वीफ्ट कार घर के पास खाली प्लॉट में खड़ी कर घर चले गए थे। सोमवार सुबह बाहर निकलने पर कार के दोनों पहिए गायब थे। आसपास काफी तलाश के बाद भी कोई सुराग नहीं मिला।
घटना की सूचना मिलते ही कपिलेश मिश्रा ने कोतवाली थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 303(2) BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का मानना है कि चोरों ने देर रात सुनसान का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया।


