चांपा रेलवे स्टेशन से सवारियां लेकर जा रहा एक तेज रफ्तार ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर ग्राम करनौद में सड़क किनारे पलट गया। इस हादसे में ई-रिक्शा में सवार सभी यात्रियों को चोटें आईं, जबकि एक व्यक्ति की मौत हो गई। घायलों का उपचार बम्हनीडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है। घटना बिर्रा थाना क्षेत्र की है।
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 5 बजे ई-रिक्शा चालक चांपा रेलवे स्टेशन से छह यात्रियों को लेकर निकला था। ग्राम करनौद के पास तेज गति के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ई-रिक्शा सड़क किनारे पलट गया। हादसे में सभी यात्री उछलकर सड़क पर गिर पड़े।

घटना के बाद राहगीरों व स्थानीय लोगों की मदद से 108 एंबुलेंस के माध्यम से सभी घायलों को बम्हनीडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने घासी राम खूंटे (45) को जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। शेष घायलों का उपचार जारी है।
मृतक की पत्नी ने बताया कि घासी राम खूंटे हैदराबाद में मजदूरी का काम करते थे और अपने गांव मालखरौदा (जिला सक्ती) लौट रहे थे। वे चांपा रेलवे स्टेशन से अपने गांव कुरदा जाने के लिए ई-रिक्शा में सवार हुए थे। हादसे के बाद उन्होंने चालक से ई-रिक्शा उठाकर उसी वाहन से अस्पताल ले जाने की गुहार लगाई, लेकिन देरी के कारण उनके पति की जान नहीं बच सकी।
इस संबंध में एसडीओपी यदुमणि सिदार ने बताया कि मृतक का पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। बिर्रा थाना में ई-रिक्शा चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


