रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र अंतर्गत मां समलेश्वरी स्टोन क्रेशर प्लांट में चोरी की घटना सामने आई है। अज्ञात व्यक्ति ने देर रात प्लांट परिसर में घुसकर वहां खड़े दो ट्रैक्टरों से करीब 50 लीटर डीजल चोरी कर लिया।
क्रेशर प्लांट में मुंशी के पद पर कार्यरत पूनम पैकरा ने लैलूंगा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि जब वह सुबह करीब साढ़े 9 बजे प्लांट पहुंचे तो देखा कि दो ट्रैक्टरों के पाइप कटे हुए थे और डीजल गायब था। इसके अलावा ट्रैक्टरों की बोनट पर अश्लील शब्द भी लिखे पाए गए।
घटना की जानकारी क्रेशर संचालक उमेश अग्रवाल को दी गई। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें रात करीब 1 बजकर 9 मिनट पर एक व्यक्ति प्लांट में प्रवेश करता और लगभग 2 बजकर 5 मिनट पर डीजल चोरी कर बाहर निकलता हुआ दिखाई दिया।
मुंशी की रिपोर्ट पर लैलूंगा पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी हुई है।


