बीजापुर, 16 दिसंबर 2025। बीजापुर जिले में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा लगाए गए आईईडी विस्फोट में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की कोबरा बटालियन के दो जवान घायल हो गए। यह घटना फरसेगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत पिल्लूर–कांडलापरती इलाके में उस समय हुई, जब नक्सलियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना के आधार पर सुरक्षा बलों का संयुक्त दल सर्चिंग अभियान पर निकला था।

इस अभियान में जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी), विशेष कार्य बल (एसटीएफ) और सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन के जवान शामिल थे। सर्चिंग के दौरान जैसे ही जवान एक संवेदनशील इलाके में आगे बढ़ रहे थे, उसी दौरान नक्सलियों द्वारा पहले से लगाए गए शक्तिशाली आईईडी में अचानक विस्फोट हो गया। विस्फोट की चपेट में आने से कोबरा बटालियन के दो जवान घायल हो गए।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार विस्फोट इतना तीव्र था कि कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, हालांकि सुरक्षा बलों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत मोर्चा संभाल लिया और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर सघन सर्चिंग शुरू कर दी।

घायल जवानों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद उन्हें सुरक्षित रूप से बाहर निकाला गया। बेहतर इलाज के लिए दोनों जवानों को रायपुर रेफर किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि जवानों को मामूली चोटें आई हैं और वे पूरी तरह खतरे से बाहर हैं। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।


