रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में इंटरनेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ सस्टेनेबल डेवलपमेंट (IISD) और स्वनिति इनिशिएटिव के शोधकर्ताओं ने मंगलवार को सौजन्य भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उनकी विस्तृत अध्ययन रिपोर्ट “मैपिंग इंडियाज स्टेट लेवल एनर्जी ट्रांज़िशन: छत्तीसगढ़” का विमोचन किया।

बैठक में शोधकर्ताओं और मुख्यमंत्री के बीच राज्य में नवीकरणीय ऊर्जा के विस्तार, ऊर्जा सुरक्षा, और सतत विकास की दिशा में सरकार की प्राथमिकताओं पर विस्तृत चर्चा हुई। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रदेश में सौर ऊर्जा, हरित हाइड्रोजन और ऊर्जा दक्षता से जुड़े नवाचारों को बढ़ावा देने के लिए सरकार लगातार रणनीतिक प्रयास कर रही है।

शोधकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को देश के 52 कोयला उत्पादक जिलों की ‘एनर्जी ट्रांज़िशन वल्नरेबिलिटी’ पर आधारित एक इंडेक्स भी प्रस्तुत किया। इसमें पारंपरिक कोयला आधारित क्षेत्रों के लिए जस्ट ट्रांज़िशन—अर्थात् आर्थिक, सामाजिक और पर्यावरणीय रूप से न्यायपूर्ण बदलाव—की आवश्यकता पर विस्तृत जानकारी दी गई। शोधकर्ताओं के अनुसार यह इंडेक्स कोयला क्षेत्रों के भविष्य, रोजगार संरचना और वैकल्पिक आजीविका के अवसरों का महत्वपूर्ण संकेतक साबित होगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह और ऊर्जा विभाग के सचिव रोहित यादव भी उपस्थित रहे।


