रायपुर। जिले के तिल्दा-नेवरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सांकरा में घरेलू हिंसा का गंभीर मामला सामने आया है। चरित्र पर संदेह के चलते एक युवक ने अपनी पत्नी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे महिला के सिर में गंभीर चोट आई है। घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तिल्दा-नेवरा में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता सत्या निषाद की शादी वर्ष 2019 में सामाजिक रीति-रिवाज से रिझन निषाद से हुई थी। दंपती के दो छोटे बच्चे हैं। घटना 12 दिसंबर की शाम की है। पीड़िता के पिता राजकुमार निषाद ने पुलिस को बताया कि वह अपनी बेटी को उसके ससुराल ग्राम सांकरा छोड़कर लौट रहे थे, तभी सत्या का फोन आया। फोन पर वह रोते हुए बता रही थी कि उसका पति उसके साथ मारपीट कर रहा है।

सूचना मिलते ही राजकुमार निषाद मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने सत्या को लहूलुहान हालत में पाया, जबकि आरोपी पति मौके से फरार हो चुका था। पीड़िता ने बताया कि उसका पति लंबे समय से उसके चरित्र पर संदेह करता था और इसी बात को लेकर विवाद के दौरान उसने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और फिर धारदार हथियार से हमला कर दिया।
घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से महिला को पहले प्राथमिक उपचार दिया गया, फिर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार महिला की स्थिति गंभीर है और उसे निगरानी में रखा गया है।
सूचना पर तिल्दा-नेवरा पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी पति रिझन निषाद के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी फरार है, जिसकी तलाश के लिए आसपास के गांवों और क्षेत्रों में छापेमारी की जा रही है। साथ ही पीड़िता और उसके परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराई गई है।
घटना को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने घरेलू हिंसा की बढ़ती घटनाओं पर चिंता जताते हुए प्रशासन से त्वरित और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।


