युवा कांग्रेस ने बढ़ते प्रदूषण के खिलाफ सौंपा ज्ञापन: राष्ट्रपति व मुख्य न्यायाधीश से हस्तक्षेप की मांग

Jan Mitan
3 Min Read

रायगढ़। जिले में लगातार बढ़ते औद्योगिक, वायु, जल एवं ध्वनि प्रदूषण के विरोध में युवा कांग्रेस ने कड़ा रुख अपनाया है। युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष (शहर) आशीष जायसवाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्टर के माध्यम से भारत के राष्ट्रपति एवं भारत के मुख्य न्यायाधीश के नाम ज्ञापन सौंपते हुए रायगढ़ को प्रदूषण से बचाने के लिए तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।

ज्ञापन में बताया गया कि रायगढ़ जिला भारी उद्योगों, कोयला परिवहन, ताप विद्युत संयंत्रों और खनन गतिविधियों के कारण गंभीर प्रदूषण की चपेट में है। जिले की वायु गुणवत्ता लगातार गिरती जा रही है, जिसके चलते दमा, सांस, त्वचा, आंखों और हृदय संबंधी बीमारियों में लगातार वृद्धि हो रही है

युवा कांग्रेस ने आरोप लगाया कि कई उद्योग बिना समुचित उपचार के औद्योगिक अपशिष्ट जल को नदियों और अन्य जलस्रोतों में छोड़ रहे हैं, जिससे जल प्रदूषण बढ़ रहा है और कृषि भूमि व भू-जल पर भी नकारात्मक असर पड़ रहा है। पर्यावरणीय नियमों का खुलेआम उल्लंघन हो रहा है, लेकिन निगरानी और सख्त कार्रवाई का अभाव है। जल, जंगल और जमीन को लेकर जिले में लगातार संघर्ष की स्थिति बनी हुई है।

ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि जिले में संचालित सभी उद्योगों की पर्यावरणीय जांच कर प्रदूषण नियंत्रण मानकों का सख्ती से पालन कराया जाए। कोयला परिवहन पर नियंत्रण, पर्याप्त एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशन की स्थापना, नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई, फ्लाई ऐश के बिखराव और अवैध भंडारण पर रोक लगाने के साथ ही रायगढ़ में नए उद्योगों की स्थापना और खदानों के विस्तार पर तत्काल रोक लगाई जाए।

इस अवसर पर युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष आशीष जायसवाल ने कहा कि यदि समय रहते माननीय राष्ट्रपति और मुख्य न्यायाधीश द्वारा हस्तक्षेप कर ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो रायगढ़ में प्रदूषण का संकट और गंभीर हो जाएगा, जिसका सीधा असर आम जनता के स्वास्थ्य और पर्यावरण पर पड़ेगा।

कार्यक्रम में महिला कांग्रेस अध्यक्ष रानी चौहान, रायगढ़ ब्लॉक अध्यक्ष अरुणा चौहान, जिला कांग्रेस महामंत्री मनीष देवांगन, महामंत्री सत्यप्रकाश शर्मा, एससी प्रकोष्ठ अध्यक्ष अज्ञात मल्होत्रा, सोनू पुरोहित सहित युवा कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष शुभम सिंह, जिला महासचिव अनिरुद्ध गिरी, महासचिव शिव चौहान, नितेश ठेठवार, रितेश तिवारी, सूरज आचार्य, प्रकाश यादव, चिन्मय स्वाइन, विवेक दास, संदीप श्रीवास, प्रमोद टोप्पो, अनिल, विजय साजन श्रीवास सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a comment