पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक बार फिर विवादों में आ गए हैं। आयुष विभाग के डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र वितरित करने के कार्यक्रम के दौरान एक महिला डॉक्टर का हिजाब हटाने की घटना सामने आई है। मंच पर मौजूद महिला डॉक्टर की ओर इशारा करते हुए मुख्यमंत्री ने पहले सवाल किया— “ये क्या है जी?” और इसके बाद उन्होंने उनका हिजाब खींच दिया। यह पूरा घटनाक्रम कैमरे में कैद हो गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

घटना सामने आने के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। विपक्षी दलों ने मुख्यमंत्री के व्यवहार को महिला सम्मान और व्यक्तिगत धार्मिक स्वतंत्रता के खिलाफ बताते हुए कड़ी आलोचना की है। सोशल मीडिया पर भी लोग इस घटना को असंवेदनशील और अनुचित करार दे रहे हैं।

आलोचकों का कहना है कि किसी महिला की पोशाक या धार्मिक पहचान पर इस तरह सार्वजनिक मंच से टिप्पणी करना और हस्तक्षेप करना अस्वीकार्य है। इसे महिला गरिमा और संवैधानिक अधिकारों से जोड़कर देखा जा रहा है।
हालांकि, इस मामले पर सत्तापक्ष की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान या स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है। वीडियो के वायरल होते ही यह मामला बिहार की राजनीति में नई बहस का विषय बन गया है और मुख्यमंत्री के आचरण को लेकर सवाल उठने लगे हैं।


