राकेश रंजन बने बिलासपुर मंडल के नए मंडल रेल प्रबंधक (DRM)

Jan Mitan
2 Min Read

बिलासपुर रेल मंडल को नया मंडल रेल प्रबंधक (DRM) मिल गया है। रेलवे बोर्ड ने पूर्व मध्य रेलवे, हाजीपुर में पदस्थ आईआरएसएसई अधिकारी राकेश रंजन को बिलासपुर रेल मंडल का नया DRM नियुक्त करने का आधिकारिक आदेश जारी किया है। इससे मंडल में डीआरएम पद को लेकर लंबे समय से चली आ रही अनिश्चितता समाप्त हुई है।

रेलवे बोर्ड ने यह निर्णय तब लिया जब पहले नियुक्त किए गए उमेश कुमार ने व्यक्तिगत और पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए बिलासपुर DRM पद संभालने से इनकार कर दिया। उन्होंने अपने पत्र में बताया कि उनके पुत्र की कक्षा 10वीं की पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारियाँ चल रही हैं, साथ ही उनकी पत्नी भी वर्तमान पदस्थापना स्थल पर कार्यरत हैं, जिससे परिवार की शैक्षिक व आर्थिक व्यवस्था प्रभावित होगी।

बिलासपुर मंडल में DRM की स्थिति तब खाली हुई थी जब पूर्व DRM राजमल खोईवाल को तत्कालीन पद से हटाया गया था। यह बदलाव लालखदान क्षेत्र में हुए एक भारी ट्रेन दुर्घटना के बाद किया गया था, जिसमें मेमू पैसेंजर ट्रेन के एक खड़ी मालगाड़ी से टकराने के कारण कई लोगों की जान चली गई थी और अनेक यात्री घायल हुए थे। तत्कालीन DRM खोईवाल पर सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठने के बाद उनका तबादला कर दिया गया था।

अब राकेश रंजन के सामने बिलासपुर मंडल में सुरक्षा, समयबद्ध संचालन और यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने जैसे प्रमुख कार्य होंगे।

Share This Article
Leave a comment