मुख्यमंत्री साय के मुख्य आतिथ्य में हसौद में 140 जोड़े विवाह बंधन में बंधे……. कन्या विवाह योजना के तहत सरकार देती है 50 हजार की सहायता राशि

Jan Mitan
2 Min Read

सक्ती, 11 दिसम्बर 2025। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय गुरुवार को सक्ती जिले के प्रवास पर रहे। इस दौरान उनके मुख्य आतिथ्य में विकासखंड जैजैपुर अंतर्गत हसौद में आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 140 जोड़े पवित्र परिणय सूत्र में बंधे। मुख्यमंत्री ने सभी नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं दीं और उनके सुखी वैवाहिक जीवन की कामना की।

मुख्यमंत्री साय ने वर-वधुओं को आशीर्वचन देते हुए कहा कि विवाह सिर्फ दो व्यक्तियों का नहीं, बल्कि दो परिवारों का मिलन है। उन्होंने नवदम्पतियों को अपने माता-पिता की तरह सास-ससुर का सम्मान करने, कठिन परिस्थितियों में संयम रखने और जीवनभर एक-दूसरे का साथ निभाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि कन्या विवाह योजना का उद्देश्य गरीब, जरूरतमंद और निराश्रित परिवारों की बेटियों के विवाह में आर्थिक सहायता प्रदान करना है, ताकि शादी के समय होने वाला आर्थिक बोझ कम हो और दहेज प्रथा सहित अनावश्यक खर्चों पर रोक लगे।

प्रति जोड़ा 50 हजार की सरकारी सहायता

कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अन्तर्गत प्रति विवाह जोड़े पर राज्य सरकार 50 हजार रुपये खर्च करती है। पहले यह राशि 25 हजार थी, जिसे बढ़ाकर 50 हजार किया गया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने 36 हजार रुपये के उपहार एवं परिवहन राशि के चेक नवविवाहित जोड़ों को वितरित किए। शेष राशि से वर-वधू के लिए आभूषण, श्रृंगार सामग्री, वस्त्र और अन्य आवश्यक सामग्री प्रदान की गई।

प्रतिष्ठित जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों की उपस्थिति

कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, पूर्व विधायक निर्मल वर्मा, पूर्व विधायक खिलावन साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष द्रौपदी कीर्तन चंद्रा, उपाध्यक्ष कमल किशोर पटेल, जिला पंचायत सदस्य आयुष शर्मा, टिकेश्वर गवेल, संयोगिता युद्धवीर सिंह जूदेव, बिलासपुर संभाग आयुक्त सुनील कुमार जैन, आईजी संजीव शुक्ला, कलेक्टर अमृत विकास तोपनो, एसपी प्रफुल्ल ठाकुर, जिला पंचायत सीईओ वाशु जैन सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं वर-वधुओं के परिजन उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a comment