शहर में ट्रैफिक पर लगेगा नज़रबंद—37 हाईटेक कैमरों से निगरानी शुरू

Jan Mitan
2 Min Read

सारंगढ़-बिलाईगढ़। शहर में यातायात व्यवस्था को और अधिक सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। सारंगढ़ नगर और आसपास के प्रमुख मार्गों पर 37 हाईटेक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों की लाइव मॉनिटरिंग के लिए बस स्टैंड स्थित पुलिस सहायता केंद्र में अत्याधुनिक सीसीटीवी कंट्रोल रूम की स्थापना की गई, जिसका उद्घाटन कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे और पुलिस अधीक्षक आंजनेय वार्ष्णेय ने किया।

नए कैमरे मुख्य सड़कों, व्यस्त चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर लगाए गए हैं, जो बिना हेलमेट, ओवरस्पीडिंग, गलत दिशा में वाहन चलाने जैसी ट्रैफिक उल्लंघन की घटनाओं पर तुरंत नज़र रखेंगे। अधिकारियों ने बताया कि जल्द ही ई-चालान सिस्टम को भी शुरू किया जाएगा, जिससे नियम तोड़ने वालों पर तत्काल कार्रवाई संभव होगी।

कलेक्टर डॉ. कन्नौजे ने कहा कि यह व्यवस्था शहर में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और ट्रैफिक प्रबंधन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण साबित होगी। वहीं एसपी वार्ष्णेय ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज अपराध नियंत्रण में भी सहायक होगा और शहर की सुरक्षा प्रणाली को नई मजबूती प्रदान करेगा।

यातायात विभाग ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि सभी लोग ट्रैफिक नियमों का पालन करें और सहयोग दें, ताकि शहर में सुरक्षित, सुचारु और अनुशासित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

Share This Article
Leave a comment