घरघोड़ा थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। ढलाई कार्य के लिए ट्रैक्टर में सवार होकर जा रही दो महिलाएं वाहन के अनियंत्रित होने से नीचे गिर गईं। इस दौरान ट्रैक्टर के पीछे लगे मिक्सर मशीन के पहिये की चपेट में आने से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम अमलीडीह निवासी लक्ष्मीराम राठिया ने घरघोड़ा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उसने बताया कि उसकी पत्नी सहोद्रा राठिया गांव के अन्य श्रमिकों के साथ ट्रैक्टर में सवार होकर ग्राम चोटीगुड़ा ढलाई कार्य के लिए जा रही थी। ट्रैक्टर में मिक्सर मशीन लगी हुई थी। जब वाहन औराईमुड़ा चौक के पास पहुंचा, तभी चालक ने तेज और लापरवाहीपूर्वक ट्रैक्टर चलाया, जिससे इंजन पर बैठी सहोद्रा राठिया और सुशीला राठिया संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गईं।
गिरने के दौरान पीछे चल रहे मिक्सर मशीन का पहिया सहोद्रा राठिया के सीने पर चढ़ गया, जिससे उसे गंभीर आंतरिक चोटें आईं। वहीं सुशीला राठिया भी गंभीर रूप से घायल हो गई। अन्य श्रमिकों की सूचना पर चालक ने वाहन रोककर दोनों महिलाओं को तत्काल अन्य वाहन से घरघोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद सहोद्रा राठिया को मृत घोषित कर दिया। घायल सुशीला राठिया का उपचार जारी है।
पुलिस ने मृतका के पति की रिपोर्ट पर मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। वहीं ट्रैक्टर चालक के खिलाफ धारा 184, 106(1), 125(ए) और 281 के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।


