टिमरलगा में खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई, चार वाहन जब्त:बिना रॉयल्टी व समय अंतर वाली पर्ची मिलने पर कार्रवाई, खनन माफियाओं में हड़कंप

Jan Mitan
2 Min Read

सारंगढ़। जिले के अंतर्गत ग्राम पंचायत टिमरलगा क्षेत्र में खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध खनिज परिवहन में संलिप्त चार वाहनों को जब्त किया है। यह कार्रवाई खनिज अधिकारी बजरंग पैकरा के निर्देश पर खनिज निरीक्षक दीपक पटेल एवं लक्ष्मी की टीम द्वारा की गई।

जानकारी के अनुसार खनिज विभाग की टीम क्षेत्रीय भ्रमण पर निकली हुई थी, इसी दौरान टिमरलगा क्षेत्र से गुजर रहे वाहनों को रोककर जांच की गई। जांच में दो वाहनों में रॉयल्टी पर्ची नहीं पाई गई, जबकि दो अन्य वाहनों में रॉयल्टी पर्ची होने के बावजूद समय में अंतर पाया गया। अनियमितता पाए जाने पर चारों वाहनों को सारंगढ़ थाने में खड़ा कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

ट्रांसपोर्टरों और क्रशर मालिकों में हड़कंप

खनिज विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र के ट्रांसपोर्टरों एवं खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है। विभागीय टीम ने अलग-अलग दल बनाकर एक साथ चार वाहनों पर कार्रवाई की, जिससे अवैध खनिज परिवहन में संलिप्त लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।

जांच चौकी बंद, गश्ती टीम कर रही निगरानी

खनिज विभाग के अनुसार टिमरलगा खनिज जांच चौकी में स्टाफ की कमी के चलते कलेक्टर के निर्देश पर फिलहाल बैरियर बंद किया गया है। इसके बाद खनिज अधिकारी बजरंग पैकरा के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया है, जो गुडेली, टिमरलगा एवं कटंगपाली क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर रही है। बिना रॉयल्टी पर्ची, ओवरलोडिंग एवं अवैध खनन पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।

आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई

खनिज अधिकारी बजरंग पैकरा ने बताया कि कलेक्टर के निर्देश पर गठित टीम क्षेत्र में लगातार निगरानी रखेगी। अवैध खनन या अवैध परिवहन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। आने वाले दिनों में और भी बड़ी कार्रवाई देखने को मिलेगी। फिलहाल चार वाहनों पर कार्रवाई की गई है और जांच प्रक्रिया जारी है।

Share This Article
Leave a comment