छत्तीसगढ़ में कोल्ड वेव का अलर्ट, मैनपाट बना सबसे ठंडा इलाका

Jan Mitan
2 Min Read

पेंड्रा–सरगुजा में ओस की बूंदें जमकर बनीं बर्फ, अगले 4 दिनों में 1–2 डिग्री और गिरेगा तापमान

छत्तीसगढ़ में ठंड ने एक बार फिर अपना असर तेज कर दिया है। प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में कोल्ड वेव का अलर्ट जारी किया गया है। सरगुजा संभाग का मैनपाट प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका रिकॉर्ड किया गया है, जहां तापमान शून्य के करीब पहुंच गया है। कड़ाके की ठंड के कारण पेंड्रा और सरगुजा क्षेत्र में ओस की बूंदें जमकर बर्फ में तब्दील होती नजर आईं।

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं के चलते प्रदेश के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। अगले चार दिनों के भीतर न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट आने की संभावना जताई गई है।

अंबिकापुर, पेंड्रा, मैनपाट समेत आसपास के इलाकों में सुबह और रात के समय कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है। खेतों और खुले इलाकों में पाला जमने से फसलों को नुकसान की आशंका भी बढ़ गई है। ठंड के चलते जनजीवन प्रभावित हो रहा है और लोग अलाव व गर्म कपड़ों का सहारा ले रहे हैं।

मौसम विभाग ने बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। साथ ही, सुबह-शाम अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त गर्म कपड़े पहनने की अपील की गई है।

Share This Article
Leave a comment